डर

आशीष यादवआशीष यादव9 Oct 1998

1 min read · 12.4K reads

डरो कि

मेहतर

जिस टोकरी में उठाता है

सड़ाँध-कूड़ा

एक दिन

दफ़ना देगा

उसी टोकरी में

सड़ी-गली बास मारती

तुम्हारी व्यवस्था को

जिसमें टोकरी भर भी स्थान नहीं है

उस मेहतर के लिए

डरो कि

बंकिया डोम

जला देता है

अनगिनत मुर्दे श्मशान पर

एक दिन

जला देगा

तिजोरियों में मृतपाय पड़े

सोने के सिक्कों और नोटों को

डरो कि

लोहार

बनाता है

मजबूत लोहे का दरवाज़ा

भवनों और राजमहलों के लिए

एक दिन

बनाने लगेगा लोहे की बंदूक़ें और तलवारें

डरो कि

बूढ़ा किसान

जोत देता है

सैकड़ों एकड़ भूमि

सींचता है पसीने से

और लहलहा उठती है फ़सलें

एक दिन जोत देगा

इन्हीं लहलहाती फ़सलों को

डरो

उन सभी कामगारों से

जो तुमसे डरना छोड़

लड़ना शुरू कर देंगे

तो क्या होगा?

आशीष यादव
About the poet

आशीष यादव

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। मूल नाम : आशीष यादव जन्म : 09/10/1998 | ग़ाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

कुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुरआओ मिट्टी-मिट्टी खेलेंहमें आँतों से सोचना होता हैसुबह और शाम की पालियों में कटता दिन— हुकुम ठाकुरसपनों की लाशेंशायद हम एक ऐसी दुनिया से विदा लेंगे जहाँ,क़ातिल ख़ुद से ही बरी कर लेता है ख़ुद को।— फ़रीद ख़ाँमेरा यह शब्दसमूह(तरुण कवियों के हाथ में)स्वप्न-वाटिका छूकर आते हुए मेरे इन शब्दों में जीवन-धारा की सुषमा— हीरेन भट्टाचार्यपृथ्वी मेरी कवितामेरी क़लम लोहार के हाथ का हथौड़ा, ठोंक-पीट कर बनाता हूँ शब्दकिसान के फाल जैसा पैना; हलरेखा में सोने की सीता,— हीरेन भट्टाचार्य