सावन में
हरे रंग की चादर लपेटे धरती
गेरूआ ओढ़े आसमान को
बारिश की फुहार में
एकाकार होने के लिए कहती है
आसमान कभी मना नहीं करता
जानती हो क्यों?
क्योंकि प्रकृति रंगों में भेद नहीं करती है
हमें सीखना है
प्रेम इन बादलों से
झीलों से
नदियों और पहाड़ों से।
एक तरफ़
जहाँ हम रहते हैं
वहाँ अक्सर नफ़रत
प्रेम का गला घोंट देती है
वहाँ जब कभी
हरा और गेरूआ रंग
दो क़दम साथ चलने की सोचते भी हैं
इंसानी नफ़रत से उपजा
तीसरा रंग,
सैकड़ों मासूमों के लहू का लाल रंग
दीवारों पर छिटकता है
जो ताउम्र
प्रेमियों की आँखों में चुभता रहता है।








