प्रश्नावली

अंकिता आनंदअंकिता आनंद

1 min read · 12.4K reads

जिसे आपके हाथों ने थामा न हो उसे जाने देने की प्रक्रिया क्या है?

अजन्मे सपने को कैसे दफ़नाते हैं?

पंक्तियों के बीच पढ़ने को कहा जाता है

पर उतनी-सी कोरी जगह में नई पक्तियाँ लिखी कैसे जाएँ?

उन शब्दों को धैर्य से कैसे सुना जाए

जिन्हें इस क्रम में पहले कभी साथ लाया ही नहीं गया?

कोई पीड़ा लगातार शरीर में अपनी जगह बदले तो उसकी कैसी चिकित्सा हो?

उस रास्ते से मोह कैसे जताया जाए जिधर कभी मुड़े नहीं, बस दूर से देखा हो?

ढीला कैसे छोड़ें उस देह को जो बिना तनाव के जी ही न हो?

‘साँस बाहर’ की क्रिया कैसे करें जब इतनी देर से साँस थामे बैठे थे कि अब वजह याद नहीं,

और फिर थामे रह गए कि कहीं बाद में याद आ जाए?

कोख की हरीतिमा को सहलाया कैसे जाए जो उसका आकार मालूम न हो?

ग्लोब इस ढंग से कैसे पकड़ें कि आपकी उँगलियों की छुअन से कोई भी हिस्सा अछूता न रहे?

उन हाथों को गालों पर कैसे टिकाएँ ताकि किन्हीं अनछुई लकीरों की स्मृति त्वचा को जला न दे?

अंकिता आनंद
About the poet

अंकिता आनंद

नई पीढ़ी की कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अंकिता आनंद जन्म : राँची, झारखंड

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like