अवरुद्ध

अंकिता आनंदअंकिता आनंद

1 min read · 12.4K reads

किसी क़ातिल या अपहरणकर्ता की तरह

छपे पन्नों से काटे गए शब्दों के

कोलाज वाली चिट्ठी भेजी तुम्हें।

इससे दो फ़ायदे हुए।

तुम्हें पता चला किस क़दर फँस जाती है

मेरी आवाज़ तुम्हारे नाम के इर्द-गिर्द

चाह सकने और न रो पाने के बीच।

अल्फ़ाज़ों के बीच के फ़ासलों में

कई बार जीना-मरना हो जाता है मेरा।

और तुम्हें बता सकी कि कितनी महानताएँ

उधार ली मैंने प्रतिष्ठित कवियों से

अपना क़द ऊँचा करने के लिए

ताकि पहुँच सकूँ तुम तक।

हर रात मेरे सिर और पाँव के सिरे

तने होते हैं तुम्हें न छू सकने की छटपटाहट में—

(तभी खिंचाव के साथ संतुलन रख पाना योग कहलाया होगा)

अपहरणकर्ता मैं नहीं,

मैंने रोज़ अपने हाथों को बँधा पाया है।

अंकिता आनंद
About the poet

अंकिता आनंद

नई पीढ़ी की कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अंकिता आनंद जन्म : राँची, झारखंड

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like