वर्क फ्रॉम होम

अंचितअंचित27 Jan 1990

1 min read · 12.4K reads

घर में ही एक दफ़्तर,

घर में ही एक स्क्रीन जिसकी दूसरी तरफ़ मालिक,

घर में ही घर के लोगों से कटी हुई जगह,

जहाँ सबका प्रवेश निषेध है।

घर के भीतर कम से कम आदमी सुनता था

अपनी आत्मा की आवाज़

घर के भीतर सो सकता था एक निश्चिंत नींद

घर के भीतर क़ैदी नहीं था आदमी

घर के भीतर कौन बाहर वाला जमा सकता था धौंस?

घर के भीतर से काम का स्वागत करते लोगों

अब दुनिया में कोई जगह नहीं बची तुम्हारी अपनी

कोई समय नहीं बचा काम के समय के अलावा

काम,

जिसे हमने बहुत कोशिश कर दूर रखा अपने घर से,

जिसके तनाव, उससे जनित बेचैनी से

अपनी निजता, अपने कोने को बचाते रहे

हर संभव कोशिश कर—

वह आख़िरकार घर चला आया है।

जहाँ चिड़िया ने दिए हैं अंडे

वहीं दबे पाँव आ बैठा है महानगर।

अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like