अपनी छाती पर
उसके दाँतों के निशान लिए घूमता रहा—
इतराता, भरा हुआ जीवन से।
वह अपनी जेब में मेरी गंध से भरे रूमाल रखती
और मुझे ऐसे देखती जैसे किसान तूफ़ान के पहले
लहलहाते खेत देखता है।
उसने मेरे साथ रहने के जतन नहीं किए होंगे,
मैं नहीं मानता।
अंत में वह प्रेम से ही हारी होगी,
यह कह देने की नहीं, समझने की बात है।
नहीं बताया बहुत कुछ उस पुरुष के बारे में,
वह जिसको सौंप दी गई—
इसमें दया नहीं थी, प्रेम था।
सिर्फ़ यही एक बात है
जो जीने नहीं देती।








