मर्सिया

अंचितअंचित27 Jan 1990

2 min read · 12.4K reads

मैं वहाँ खड़ा हूँ

जहाँ कुएँ की सूखी जगत पर

मंदिर का टूटा हुआ सबसे बड़ा घंटा पड़ा है।

मैं वहाँ भी हूँ

जहाँ दरगाह की अकेली क़ब्र से सटे तालाब की सीढ़ियों पर

अज़ान में इस्तेमाल होने वाला बड़ा बाजा पड़ा है

मैं बुदबुदा रहा हूँ, बाक़ी सब ख़ामोश है।

जिसको जाना था, चला गया।

जिसको जाना था, चला गया,

उसने किसी का इंतज़ार नहीं किया,

उसने किसी से नहीं पूछा वक़्त और पहर

मेज़ पर उसका बटुआ धरा है, उसकी ऐनक, उसकी घड़ी,

ताखे में उसके कपड़े जिसमें से अभी भी उसकी गंध फूट-फूट जाती है।

मैं देख रहा हूँ, बहुत भारी आँखों से, बाक़ी कोई नहीं देखता।

कूची से कोई रंग नहीं उतरता,

रंग पोंछने वाला कपड़ा तस्वीर की फ़्रेम के पैताने पड़ा है,

बोझिल है हवा।

जिसको जाना था, चला गया।

जिसको जाना था, चला गया,

जब तक वह था, उसका कष्ट दुनिया के दुखों से बड़ा था

अब सिर्फ़ दुःख बचा है—रह गए लोगों के लिए

और जो चला गया, वह आँसुओं के ऋण से मुक्त हो गया।

सांत्वना बिस्तर पर सिलवटों की तरह पड़ी है और

तुम्हारे पास अब कोई काम नहीं बचा।

दवाओं की अलमारी की तरह तुम्हारी दिनचर्या ख़ाली पड़ी है।

मैं सुन रहा हूँ तुम्हारे हृदय की कराह, मातमी काले कपड़ों

के तले ढँक गया है तुम्हारी आत्मा का दीप।

जिसको जाना था, चला गया।

जिसको जाना था, चला गया,

और अब कभी वापस नहीं आएगा। उसकी

अनुपस्थिति से सामंजस्य बैठाते हुए हम अपने दिन काटेंगे।

उसने जो जगह ख़ाली की है; वह जगह सिर्फ़ तुम्हारे घर, शहर, गाँव, देश में नहीं की है। तुम्हारे भीतर भी एक इतना बड़ा ख़ालीपन आ गया है कि उसकी सीमाएँ जानते तुमको बरस लगेंगे। किसी-किसी रात को इनका विस्तार तुम्हारे जीवन को पूरा ढँक लेगा।

तुम्हें एक ऐसी सभ्यता के मुहाने बैठे

वसंत का इंतज़ार करना है

जिसकी परिभाषा सत्ता की उदासीनता है।

लेकिन तुम और क्या करोगे सिवाए इसके कि इस परिभाषा को बदलने जो हाथ उठे, तुम उसके पीछे अपना हाथ उठाए, जा चुके का सम्मान कर सको।

असंगति पीछा करती हुई आती है।

जिसको जाना था, चला गया और हम बच गए लोगों को यहाँ

इस नि:सार उपस्थिति का अर्थ खोजना है।

जिसको जाना था, चला गया,

वह अब कभी नहीं लौटेगा। उसके चले जाने में उसकी कितनी

इच्छा थी, इस प्रश्न का कोई मतलब नहीं। वह थोड़ा और जीना चाहता था—एक पहर भर और सही, इससे अब क्या फ़र्क़ पड़ता है।

वह अब कल का अख़बार नहीं देखेगा, वह अपने बेटे की शादी में शामिल नहीं रहेगा, उसकी जगह कोई और डॉक्टर के यहाँ जाएगा, कोई और वह सिगरेट जलाएगा जिसकी तलब जाने वाले के साथ चली गई।

जिसको जाना था, चला गया,

वह कविता पढ़े बिना जिसके पोर-पोर में आशा भरी हुई थी।

दुनिया में अब जितनी भी कविताएँ हैं, सिर्फ़ मृत्यु सूचनाएँ हैं।

अंचित
About the poet

अंचित

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन में भी सक्रिय। मूल नाम : अंचित जन्म : 27/01/1990 | पटना, बिहार

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय