बहुत पहले
किसी ने पहली बार कहा होगा
किसी से आख़िरी बार—
एक बार और छू लो।
कहने वाला चला गया होगा बहुत दूर
नहीं लौटा होगा फिर वापस
कैसे जिया होगा छूट जाने वाले ने जीवन
उस रास्ते की ओर आस लगाए
जहाँ से कोई नहीं लौट सकता।
कितनी आदिम है ये बात और कितनी नई—
एक ओर जीवन का मृत्यु से संसर्ग
दूसरी ओर जीवन और मृत्यु के बीच का विरोधाभास
फिर भी जीवन में से ही रोज़ घटता है जीवन
कुछ जुड़ जाता है पिछली का अगली मृत्यु से।








