यूसुफ़-ए-हुस्न का हुस्न आप ख़रीदार रहा

अनवर देहलवीअनवर देहलवी

2 min read · 12.4K reads

यूसुफ़-ए-हुस्न का हुस्न आप ख़रीदार रहा

पहले बाज़ार-ए-अज़ल मिस्र का बाज़ार रहा

बिस्मिल-ए-नाज़ रहा कुश्ता-ए-रफ़्तार रहा

ज़िंदगी भर मुझे मरने से सरोकार रहा

जुर्म-ए-ना-कर्दा उक़ूबत का सज़ा-वार रहा

शैख़ सरशार-ए-सियह मस्ती-ए-पिंदार रहा

पर्दा-ए-चश्म जो पास-ए-अदब-ए-यार रहा

मैं रहा सामने तू भी पस-ए-दीवार रहा

दिल ये शादी-ए-जराहत से हुआ बालीदा

कि तिरा तीर यहाँ ता-लब-ए-सूफ़ार रहा

गिर के नज़रों से तिरी फिर न ज़मीं से उट्ठा

मैं सुबुक भी जो हुआ तू भी गिराँ-बार रहा

आज ही आज है फ़र्दा-ए-क़यामत मौजूद

दो घड़ी और जो हंगामा-ए-रफ़्तार रहा

तूर तू बर्क़-ए-तजल्ली से हुआ ख़ाकिस्तर

और मैं सोख़्ता-ए-हसरत-ए-दीदार रहा

रहम उस सादा-दिली पर कि मिरा ज़ख़्म-ए-जिगर

ग़ैर से चारा-ओ-दरमाँ का तलबगार रहा

मैं वो इक मुजरिम-ए-ताज़ीर तलब हूँ कि सदा

बदले दुश्मन के उक़ूबत का सज़ा-वार रहा

बस-कि दिल में रही इक कश्मकश यास-ओ-उम्मीद

दर्द जो दिल में रहा जान से बेज़ार रहा

अब वो फ़र्दा भी नहीं रोज़ की तस्कीं के लिए

अब फ़क़त हश्र ही पर वा'दा-ए-दीदार रहा

पी भी जा शैख़ कि साक़ी की इनायत है शराब

मैं तिरे बदले क़यामत में गुनहगार रहा

ख़ुश हूँ चुप रहने से उन के दम-ए-पैग़ाम-ए-विसाल

कि ये इंकार तो कुछ शामिल-ए-इक़रार रहा

सर पे फिरता ही रहा और न गिरा मुझ पे कभी

आसमाँ बन के तिरा साया-ए-दीवार रहा

गरचे क्या कुछ थे मगर आप को कुछ भी न गिना

इश्क़-ए-बरहम ज़न-ए-काशाना-ए-पिंदार रहा

तुम ने यूँ घर में तो क्या कुछ न उठाए फ़ित्ने

इक क़यामत का उठाना सर-ए-बाज़ार रहा

हाए वो चश्म कि देखे तुझे सरगर्म-ए-अदा

वाए वो दिल कि तिरा महरम-ए-असरार रहा

मैं रहा भी तो रहा ख़ार की सूरत कि सदा

तेरी नज़रों में सुबुक-दिल पे तिरे यार रहा

चश्म पर नश्शा-ए-साक़ी जो रही अक्स-फ़गन

चूर मस्ती से हर इक साग़र-ए-सरशार रहा

हूँ में वो जिंस कि हूँ रौनक़-ए-बाज़ार-ए-कसाद

हूँ वो सौदा कि ख़रीदार भी बेज़ार रहा

कुछ ख़बर होती तो मैं अपनी ख़बर क्यूँ रखता

ये भी इक बे-ख़बरी थी कि ख़बर-दार रहा

थक के बैठे हो दर-ए-सौम'अ पर क्या 'अनवर'

दो-क़दम और कि ये ख़ाना-ए-ख़ु़म्मार रहा

अनवर देहलवी
About the poet

अनवर देहलवी

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीइश्क़ है तो इश्क़ का इज़हार होना चाहिएइश्क़ है तो इश्क़ का इज़हार होना चाहिएआप को चेहरे से भी बीमार होना चाहिए— मुनव्वर रानाअर्थात् एक ज़रूरी काममहाकाव्यों महानायकों के दिन हवा हुएआज दिन भर बस मैं एक कुतिया का पीछा करूँगा— हेमंत शेषआग की रेत पर तैरती नदीउस लड़की के सिर परसदैव तारों से जड़ा— भूपिंदर प्रीतप्रेम के दस्तावेज़ों मेंप्रेम के दस्तावेज़ों में बाक़ी हैअभी लिखी जानी दास्ताँ उन लोगों की— धर्मेश