तुम ने कैसी ये की है वफ़ा ज़िंदगी
हर कोई मुझ से है अब ख़फ़ा ज़िंदगी
कोई दुश्मन भी देता नहीं इस तरह
जैसी तुम ने मुझे दी सज़ा ज़िंदगी
मुस्कुराहट तिरी कब से देखी नहीं
देख कर मुझ को तू मुस्कुरा ज़िंदगी
बात कर मुझ से मेरी तरफ़ देख कर
बात कर और मुझ को हँसा ज़िंदगी
ज़ब्त टूटा तो कुछ भी बचेगा नहीं
ज़ब्त मेरा न यूँ आज़मा ज़िंदगी
ख़ाक तक छान ली दुनिया-भर की मगर
तेरे जैसा न मुझ को मिला ज़िंदगी
मैं दग़ाबाज़ था सो मुझे भी 'रिशा'
फिर दिया दोस्तों ने दग़ा ज़िंदगी








