सूर्य तुमने मुझे अँधेरे में रखा
बताया कुछ भी नहीं मुझे
चाहते तो तुम मुझे पुकार सकते थे
मैं उल्टे पाँव भागते-दौड़ते चला आता।
इतने दिनों की दोस्ती-यारी
आँख मिचौली, सुबह-सुबह का घूमना,
बादलों की बस्ती में छुप-छुपकर पान चबाना
दिन भर बतियाना
सबका सब व्यर्थ गया।
कई दिनों से मेरी बाईं आँख फड़क रही थी
पीठ बोझिल हो रही थी
मानो उस पर किसी ने पहाड़ रख दिया हो
शायद तुम उसी वक़्त अँधेरे से घिरे।
सूर्य,
मैं पराजित हो गया
तुम भीषण अँधेरे से घिरे तड़पते रहे
और मैं देखता ही रह गया
हाथ पर हाथ धरे।








