दुख की बात है कि एक दोस्त ग़ुस्सा हुआ
ख़ुशी की बात है अभी बाक़ी दोस्त मुझसे ख़ुश हैं
दुख की बात है कि बाल आने लगे सफ़ेद होकर
ख़ुशी की बात है अभी काले बालों की तादाद ज़्यादा है
दुख की बात है पकड़ लिया है रोग ने
ख़ुशी की बात है कई रोगों ने छोड़ रखा है मुझे
दुख की बात है बीत गए पैंतीस साल यूँ ही
ख़ुशी की बात है यह जान सका शेष सालों के आने से पहले
दुख की बात है मुझे दुख हो जाता है ज़रा में
ख़ुशी की बात है एहसास ज़िंदा है मेरे भीतर








