माँ ने एक गीत गाया
और फैल गए उसके स्वर
चारों दिशाओं में
कुछ कोमल स्वर बिखर गए बीच में
और उग आए एक दिन पेड़ पर
पलाश के फूल बनकर
कुछ स्वर जो तीव्र थे
चट्टानों से टकराते हुए गिरे
और बह गए झरने के साथ
तेज़ गति से
पेड़ से गिरते पत्तों की तरह
बहते रहे कई स्वर हवा के साथ
और धीरे-से स्पर्श किया उन्होंने
ज़मीन पर फैली हरी दूब को
चमकने लगे अगली सुबह
ओस की बूँदों में
बचे-खुचे कुछ स्वर
जो फैल गए थे छत पर ही
चिड़ियाएँ ले गईं उन्हें चोंच में भरकर
ज्वार के दानों की तरह
माँ ने एक गीत गाया
जिसके पंख
बिल्कुल तितली की तरह थे








