बंजर-से दिखते
पहाड़ों पर
सूखे पेड़ों के बीच
खिले हुए हैं पलाश के फूल
अपने यौवन के चरम पर
सुर्ख़ रंगों के साथ
पहाड़ों पर फैले उजाड़ को
धता बताते हुए
हँसते हैं
एक चटख़ रंगीन हँसी
चैत्र के दूर तक पसरे सन्नाटे में
कुछ मीठे सुरों की तरह
बजते रहते हैं बीच-बीच में
पलाश के फूल








