समुद्र से लौटेंगे रेत के घर

अमेय कांतअमेय कांत10 Mar 1983

1 min read · 12.4K reads

किनारों पर बने रेत के घर

लौटेंगे समुद्र से एक दिन वापस

कहीं बज रही होगी एक वायलिन

और उठती-गिरती लहरों पर

बरस रही होगी दूधिया रौशनी

अप्रैल की रातों में

कट चकी फ़सल के बिछोह में जलते

गेहूँ के ठूँठ

नहीं बदल चुके होंगे अगली सुबह

काली, बेजान राख में

पहाड़ों पर खड़ी पवनचक्की

घूमेगी उलटी दिशा में

और उसमें उलझा

लिपटा पड़ा इंद्रधनुष

फैल जाएगा फिर से

बारिश से धुले

झक्क नीले आकाश में

अमेय कांत
About the poet

अमेय कांत

नई पीढ़ी के कवि। एक कविता-संग्रह प्रकाशित। मूल नाम : अमेय कांत जन्म : 10/03/1983 | देवास, मध्य प्रदेश

View profile & all 15 Poems / Stories