छत के कोने में
महीनों से इकट्ठा कबाड़
फैल कर आता हुआ भीतर तक
पेड़ के पीछे से झाँकते हुए
धीरे-धीरे ऊपर उठता
मद्धिम लाल से पीला
और फिर सफ़ेद होता पूरा चाँद
हमारे शब्दों के बीच फैला
उसका अधूरापन
सर के बिल्कुल ऊपर से उड़ कर जाते
घर लौटते कुछ पक्षी
बाहर खेलते बच्चों को
आवाज़ देकर बुलाती माँएँ
सामने के पेड़ की टहनियों में उलझी दो पतंगें
आस-पास की छतों पर
दिन भर से सूख रहे अलसाते कपड़े
इस शहर के धुंधलके को
अगले शहर में गहरा रहे अँधेरे से जोड़ती
ट्रेन की आवाज़
छुट्टी के दिन के अंत में
पूर्णविराम की तरह
कुछ-कुछ अपरिहार्य-सा
एक बोझिल अवसाद








