कक्षाओं में इसलिए नहीं गया
कि मशीन बन जाने से डरता था
नियम नहीं माने और
मनमानी करता रहा
कमरे में बहुत कम रहा
सड़कों पर बहुत धूल थी
और हवा में बहुत धुआँ
लेकिन कमरे में घुटन-सी होती
दिन में आस-पास ही रहता
और रातों को बहुत दूर निकल जाता
जैसे दिन में कोई ख़तरा हो
और रातों में बहुत मासूमियत
दिन भर आशंकाओं से घिरा रहता
बहुत सारी बधाइयाँ मैंने
चाहते हुए भी नहीं दीं
और शोक बहुत कम प्रकट किया
इस डर से कि कहीं
यह सब कुछ औपचारिकता न समझ लिया जाए।








