देवदार के पुराने पेड़ किसी बिजूके की तरह दिखते हैं—राह छेंकते हुए से। वे सचमुच पर्वत-बिजूका हैं। उनकी जड़-पकड़ में पहाड़ की देह बिंधी होती है।
चीड़ की देह किसी चित्ते की तरह होती है। उनकी शाखाओं-उपशाखाओं पर गछी हुई पत्तियाँ उर्ध्वमुखी गुच्छे की तरह होती हैं, मानो किसी गुदाज़ हाथ वाले शिशु ने मुट्ठी बाँधकर किलकारते हुए हाथ ऊपर किया हो।
ओक के पेड़ ऐतिहासिक स्मारक की तरह खड़े और फैले हुए मिलते हैं। कहीं-कहीं मैपल ट्री भी मिलते हैं। मैपल की पत्तियाँ रेड़ की पत्तियों का लघु रूप होती हैं।
पहाड़ पर फूल बहुत चटख होते हैं। पहाड़ हमेशा उदास-से लगते हैं। हर चढ़ते क़दम की प्रतिक्रिया में पहाड़ हर क्षण कहीं न कहीं उतरते-से दीखते हैं।
जहाँ सिर्फ़ घास होती है वहाँ दूर से पहाड़ किसी सोए हुए विकराल भालू की तरह लगते हैं और जहाँ पेड़ गछे होते हैं वहाँ ऊन से लदे हुए भेड़ों के सुस्ताते हुए अपार झुंड की मानिंद।
पहाड़ पर हर चीज़ छोटी और निकट है और हर चीज के लिए लंबा रास्ता है। लघुता में लय है। और यही लय पहाड़ की तोड़ है। झुकने में ही गुरुत्व बन पाएगा, पहाड़ की चढ़ाई यही बताती है।
शाम को पहाड़ी शहर क्रिसमस ट्री की तरह दिखते हैं। पहाड़ी घर, पहाड़ पर किए गए जड़ाऊ काम की तरह हैं।
पहाड़ की तमाम चोटियाँ साथ में चिलम पीती हैं।
पहाड़ का सीना हरदम धुएँ से भरा रहता है।








