मेरे अभाव में
गुंजाइशों के कारोबार होते रहे
मैं मरा नहीं था
दुहाई माँग सकने भर को साँसे थीं मुझमें
और उतनी साँसे हमेशा बरती भी गईं
ताकि
देवता रहें, दुहाइयाँ रहें
तमाम जादू के खेल
मेरी तालियों पर चलते रहें
जबकि मैं हमेशा से विस्मित-जीवित था
उस वक़्त से ही
जब चंद रेज़गारियों के न होने से
किराने की दूकान भी जादूई लगती थी
आज भी यह जादू समझ नहीं पाता हूँ
कि चंद मुट्ठियाँ इतनी बड़ी हैं कि
उनमें दुनिया कस उठी है
या कि
दुनिया है ही इतनी छोटी
कि उसे चंद मुट्ठियों में भरा जा सके!








