मुझे कुछ सीधा-सरल चाहिए

अखिलेश सिंहअखिलेश सिंह

1 min read · 12.4K reads

मुझे मुस्कुराहटों, आयोजनों और स्वार्थों के बग़लगीर सुशब्दों की अभिव्यंजना से दूर करो

मुझे इन आइरनिकताओं से बचाओ

मैं प्रत्येक शक्ल पर प्रतिपल घटित होती मानवीय प्रेतकलाओं को देख लेता हूँ—

मेरी दृष्टि सीमित कर दो!

सारी चमकने वाली धातुएँ सोना हैं कि नहीं,

यह कहावत जाए भाड़ में

मुझे सोना चाहिए ही नहीं,

आज नहीं,

कभी नहीं...

सोना खाने की मेरी औक़ात नहीं,

इच्छा नहीं,

ज़रूरत नहीं...

बदबुओं का भी स्साला कोई न कोई प्रयोजन है

किसी ख़ुशबू को तो ख़ैर

कभी निष्प्रयोजन पाया ही नहीं।

कुछ सीधा-सरल-सा चाहिए

जैसे कोई सरल-सा सीधा मज़बूत काँटा

जैसे कोई सीधा-सपाट-सख़्त बिस्तर

जैसे सीधे कपार पर गिरने वाली बिल्कुल निचाट धूप

जैसे कोई भीतर तक बेध देने वाली बहुत सीधी गाली

जैसे कान से मैल झाड़ने वाला सीधा तेज़ चमाट

बहुत झनझनाता हुआ ग़ुस्से में चूर सीधा सरल नोकदार चेहरा

कोई दहकती हुई सीधी रेखा जो दूर से मेरी हदें बाँध दे।

कुछ सीधा-सरल चाहिए

जैसे अचानक चोट लगने पर निकलने वाली आह

जैसे बीमार होने पर ठीक होने की फ़िक्र

जैसे थकान से टूटी देह का शयन

जैसे ताज़ादम होकर खुली हुई नींद।

मुझे कुछ सीधा-सरल चाहिए।

अखिलेश सिंह
About the poet

अखिलेश सिंह

नई पीढ़ी से संबद्ध कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More from अखिलेश सिंह

  1. प्रेमिकाएँ

    प्रेमिकाएँ तकलीफ़देह थीं। जब-जब उन्हें मजबूरन छोड़कर जाना पड़ा, तब-तब वे सिर्फ़ मजबूर लगीं। जब-जब उन्होंने आँखों के सामने ही दूसरा पुरुष चुन लिया, तब-तब वे सिर्फ़ नीच लगीं। और जब-जब हमेशा के लिए साथ रह गईं तो सिर्फ़ प्रेमिका नहीं रह गईं। पीड़ा और रिक्तता हर हाल में मिली। इस ‘सिर्फ़’ सोच के चलते किसी प्रेमिका को मज़बूत मानकर मुनादी पीटना क़ायदे से मुश्किल है।लड़कियाँ जो दोस्त थीं, उनसे कभी कुछ मिलता नहीं था। वे लंबी ताक के बावजूद तैयार नहीं मिलीं। जो तैयार हो भी गईं; वे भी आँसू, बेचारगी और पलायन के दुविधा-लेप से लेपित थीं। कुछ तो आगे दोस्ती ही नहीं रख पाईं।

    12.4K reads
  2. एक दिन

    एक दिन कुछ नहीं रहेगायह जीवन, ये लोग-बाग़

    12.4K reads
  3. स्त्री-विषयक कविताओं से ऊबकर

    एकएक स्त्री का प्यार

    12.4K reads
  4. मेरे अभाव में

    मेरे अभाव मेंगुंजाइशों के कारोबार होते रहे

    12.4K reads
  5. आषाढ़

    बहुत दिन नहीं बीता पिछले आषाढ़ कोऔर आषाढ़ फिर से आ गया

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like