बहुत दिन नहीं बीता पिछले आषाढ़ को
और आषाढ़ फिर से आ गया
जैसे फूलों को गए बहुत दिन नहीं होते हैं
और वे मुँह काढ़े फिर आ जाते हैं
कई बार बिरवे ग़ायब होते हैं
और फूल आकर लौट जाते हैं
वह तालाब जहाँ छप-छैया मारते थे बाल-गोपाल
उसकी सँकरी गली में लटके बेला-फूल
अबकी नहीं आए होंगे
वे उदास फूल मेरे सपने में आए किंतु,
मैं चित्रकार न हुआ
उन्होंने भी मुझे बरज दिया कि
कोई स्केच उदासी का मैं कभी न खींचूँ
क्योंकि यह आषाढ़ है
किसान,
प्रेमी,
लताएँ,
सब संभावना से हैं
मुझे आश्चर्य हुआ कि
उनकी परिभाषा का आषाढ़
फिर तो आया ही नहीं!
महीने आ जाते हैं, मौसम नहीं आता।








