एक भी पत्ता गिरता है जब-जब
पत्ते के साथ पेड़ मरता है तब-तब
अपने हर टूटते बाल के साथ मरती है स्त्री थोड़ा-थोड़ा
सुगंध से बिछड़ते ही मर जाते हैं फूल
हृदय से बिछुड़ कर मर जाती हैं साँस
सुनती हूँ सुना भी है कि पृथ्वी जिस दिन अलग हुई चंद्रमा से
उसी क्षण मर गई थी
कितनी ही ऐसी बातें होती हैं,
जिनके सही या ग़लत होने का फ़ैसला कोई और करता है
कोई माने न माने
आकाश के आँगन से निकलने के बाद
हर सितारा मरता है
प्रश्न है जीवित रहने के लिए क्या अपने आँगन में बंद रहूँ?
शब्द मुझसे दूर होने के बाद मर जाएँगे,
क्या इसलिए चुप रहूँ?
सुनती हूँ, सुना है
चुप रहने से मर जाते हैं सपने
सपनों को मार कर जीऊँ कैसे डर कर








