देश गर्त में गिर रहा है…
उसके पहले घर गिरा गर्त में
फिर गिरा पड़ोस
फिर बारी समाज के गर्त में गिरने की थी
समाज गिरा भी
जितना गिर सकता था
फिर बारी आई देश के गर्त में गिरने की
उसके पहले नेता गिरे गर्त में
और गिरे-गिरे बयान देने लगे
अपना-अपना
हम घर बचाने की जुगत मे जुटे अपना-अपना,
पर अब मुश्किल था, घर सहित
देश को बचा पाना
बहुत देर हो चुकी है
ऐसे में कुछ भी गर्त में गिरे बिना नहीं रह सकता था
सो सब को
गिरते देखा :
सब घर के लोगों ने पड़ोस ने
समाज ने फिर देश ने भी
अब बाक़ी था तो
मन बहलाव के लिए
देश बचाने का खेल
जनता के लिए,
क्योंकि जनता ख़ुश रहना चाहती थी हर हाल में
हम खेलने लगे खेल
कि शायद खेल खेल में बन जाए बात
जैसे खेल खेल कर फुसलाते हैं बच्चों को,
शायद देश भी बहल जाए
गर्त में गिरने से सँभल जाए
हमने खेला खेल
चिड़िया उड़,
पंतग उड़,
आतंकवाद उड़,
बेईमानी उड़,
नेता उड़,
झूठ उड़...
अगर खेल में यह सब नहीं हुआ तो
क्या हम खेलेंगे
घर उड़?
देश उड़?
होता सचमुच सब कुछ खेल जैसा
हम जिसे उड़ा पाते
उड़ जाता,
हम जिसे
बचा पाते बच जाता...
यही सोच हम बहुत सारे खेल
खेल रहे हैं :
तब से
अब तक
यह खेल चलेगा न जाने तक तक...








