अँधेरे में क्यों बैठे हो
पूछते हैं उजाले में रहने वाले
क्या कहूँ उजाले में बैठने वालों से
चला गया है कोई
यह कहकर—
हम तो उकता गए हैं
तुम्हारे इश्क़ के कारोबार से
चले जाते हैं कुछ तो
होशियार बनो इस दुनिया में
वैसे वह कई बार
छोड़ गया है मुझे अकेला
लौट-लौट आता था वह
मुझे अँधेरे में
उदास बैठा देखकर
उसकी पदचाप, उसकी आहट से
घिर-घिर आता था उजाले से
अब कितने दिनों से
बैठा हूँ अँधेरे में
आता ही नहीं वह
अपना उजाला लिए








