सुनाई नहीं देती पदचाप

आग्नेयआग्नेय24 Jan 1935 – 26 Aug 2023

1 min read · 12.4K reads

कहते हैं

कुछ लोग

इतने क़िस्मत वाले होते हैं

पार कर जाते हैं

मौत का दरवाज़ा

खुली आँखों से

कुछ लोग

ऐसे बदक़िस्मत हैं

आँखें बंद कर देती है ज़िंदगी

मौत आने के पहले

कुछ लोग अभिशप्त हैं

जीते जी हो जाते हैं

विक्षिप्त, सनकी, लाइलाज

मरते रहते हैं तिल-तिल

खोले रहते हैं आँखें

सुनाई नहीं देती

उसकी पदचाप

जिसकी प्रतीक्षा में

जीना होता है एक निकृष्ट जीवन

आग्नेय
About the poet

आग्नेय

हिंदी के समादृत कवि-लेखक। बतौर अनुवादक भी चर्चित। ‘सदानीरा’ पत्रिका के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : आग्नेय जन्म : 24/01/1935 | सागर, मध्य प्रदेश निधन : 26/08/2023 | गुरुग्राम, हरियाणा

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like