अपनी जगह पर

आग्नेयआग्नेय24 Jan 1935 – 26 Aug 2023

1 min read · 12.4K reads

सारी चीज़ें

हटी हुई हैं

अपनी जगह से

वृक्ष उदास हैं

और अपनी हरीतिमा से ऊब रहे हैं

फूल बदरंग हैं

और बेमौसम खिल रहे हैं

पक्षियों के पंखों पर

ठहरी हुई हैं उड़ानें

ग़ायब है आकाश का नीलापन

नक्षत्र, ग्रह, सूर्य और चंद्रमा

ठीक-ठीक नहीं चमकते

इधर सूर्य भी

अपनी धुरी पर

कभी तेज़ी से, कभी धीमे घूमता है

पृथ्वी भी

उसका चक्कर लगाते-लगाते

थक रही है

विश्राम चाहती है

अंतरिक्ष भी अकेला-अकेला-सा है

आकाश-गंगाएँ

बुझना चाहती हैं

लंबी दूरी का तेज़ धावक

थकान महसूस कर रहा है

जब यह सब हो रहा है

कैसे मैं अपनी जगह पर

खड़ा रह सकूँगा?

सारी चीज़ें हट रही हैं

अपनी जगह से

आग्नेय
About the poet

आग्नेय

हिंदी के समादृत कवि-लेखक। बतौर अनुवादक भी चर्चित। ‘सदानीरा’ पत्रिका के संस्थापक-संपादक। मूल नाम : आग्नेय जन्म : 24/01/1935 | सागर, मध्य प्रदेश निधन : 26/08/2023 | गुरुग्राम, हरियाणा

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like