हवा-ए-मस्त ने कानों में कुछ कहा है क्या
तिरे ख़याल ने दिल को मेरे छुआ है क्या
ये कैसी रौशनी दहलीज़ तक चली आई
नया चराग़ कोई राह में जला है क्या
ये क्या हुआ है मुझे चैन क्यों नहीं आता
किसी की आँख से आँसू कहीं गिरा है क्या
तलब हो सच तो नहीं दूर मंज़िल-ए-जानाँ
बग़ैर इश्क़ कोई मो'जिज़ा हुआ है क्या
अकेला-पन है खटकता है शोर यादों का
कभी कभी तो लगे याद भी सज़ा है क्या
वफ़ा के बाब में तरमीम हो रही है 'ग़ज़ल'
हमारे बाद कोई फ़ैसला हुआ है क्या








