तुम्हारा ये प्यार भरा जुमला
मुझे ज़िंदगी जीना आसान बनाता है
मेरी कुम्हलाई हुई ज़िंदगी को
तर-ओ-ताज़गी सी बख़्शता है
तुम्हारे प्यार भरे अल्फ़ाज़
कानों में रस घोलने लगते हैं
आँखों में इक चमक सी आ जाती है
होंटों पे मुस्कान छा जाती है
तुम जब भी मुझ से ये कहते हो कि
तुम सच में बहुत अच्छी हो
मेरी बे-जान सी रूह में जान आ जाती है
मैं अपना दुख-दर्द भूल जाती हूँ
अपनी ही ज़ात के गुम्बद में क़ैद
चहकने लगती हूँ महकने लगती हूँ
तुम जब भी मुझ से ये कहते हो कि
तुम सच में बहुत अच्छी हो
तुम्हारी याद में खोई खोई सी
तुम्हारे प्यार की ख़ुशबू से मोअ'त्तर
मैं लम्हों में सदियाँ जी लेती हूँ
हाँ लम्हों में सदियाँ जी लेती हूँ
और फिर मैं सोचने लगती हूँ
मुझे ऐसा लगता है कि
गर मैं बहुत अच्छी हूँ तो
मुझे देखने वाली वो आँखें
दर-अस्ल बेहद दिलकश हैं
वो दिल जिस में मैं बस्ती हूँ
बे-इंतिहा ख़ूबसूरत है
मुझे जीने का हौसला देने वाली
तुम्हारी प्यार भरी सोच
सच में बहुत अच्छी है
सच तो ये है कि
मैं नहीं तुम बहुत अच्छे हो
तुम सच में बहुत अच्छे हो
हाँ तुम बहुत ही अच्छे हो








