दृश्य

योगेंद्र गौतमयोगेंद्र गौतम

1 min read · 12.4K reads

शाम की हड़बड़ी में

जहाँ सब अपने घरों की ओर लौटने को हैं

देखता हूँ एक मैदान, एक निदाघ आकाश

एक राह।

एक थकी हुई हवा जो वहाँ से होकर जाती दिखती नहीं,

बस महसूस होती है।

देह दिन की उमस में लिथड़ी हुई है।

विचारहीन इस दृश्य से होकर जाते हुए

मैं अपना होना इस दृश्य में नहीं देख पाता

जबकि दृश्य मेरा उससे होकर जाना निश्चित ही देख लेता होगा।

पर कौन देखता होगा

मेरे मन के विशाल समुद्र पर घुमड़ते संभावनाओं के बादल—

थकी, श्रमित देह पर उनका घिरना

और

'टप्प' से पड़ने वाली एक बूँद

जो बस गिरने ही वाली है इस दृश्य में समय की बरौनी से छूटकर।

योगेंद्र गौतम
About the poet

योगेंद्र गौतम

नई पीढ़ी कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like