अनहद के पार जाता हुआ घर

यतींद्र मिश्रयतींद्र मिश्र12 Sept 1977

1 min read · 12.4K reads

एक बे-दरो-दीवार का घर था। अनहद के पार जाता हुआ घर। ऊपर खुले आसमान की नीली कनात वाली छत के नीचे पसरा अनथक विश्रांति का घर। शून्य गढ़ शहर में चहलक़दमी के लिए पगडंडी के रास्ते पहुँचता हुआ घर। अदृश्य का घर। व्यक्त का घर।

अनंत के अहाते का घर। एक घर रमैया की दुलहिन का, हाट बाज़ार से चैन लूटकर बनाया हुआ घर। सूरज, चंद्रमा, नक्षत्रों और तारों के झुरमुट का घर। सुकून के ओसारे का घर। अवधूत की चादर पर फैला अपनत्व का घर।

लुकाछिपी के खेल का घर। जीतने की ज़द्दोजहद और हारने के उत्साह का घर। दुनियावी तमाशा और सब कुछ फूँक डालने का घर। अंतहीन प्यास और अक्लांत समर्पण का घर।

एक घर ऐसा, जो बिना दीवार बिना खिड़की बिना दरवाज़े बिना छत बिना अहाते बिना आँगन बिना परछी बिना बिछावन बिना साजो-सामान बिना खाट का घर। प्रेम का घर या शायद ख़ाला का घर।

यतींद्र मिश्र
About the poet

यतींद्र मिश्र

सुपरिचित कवि-लेखक और संपादक। भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like