पूरी रात न सोए पापा

यश मालवीययश मालवीय18 Sept 1962

1 min read · 12.4K reads

यादों में ही खोए पापा

पूरी रात न सोए पापा

मुँह की भाप कि चश्मा पोंछा

बीत गए से कल को सोचा

बादल है अब भी आँखों में

लगते रोए-रोए पापा

सारी गर्द साफ़ कर लेते

ख़ुद को रोज़ माफ़ कर देते

बच्चों से जब भी मिलते हैं,

मिलते हैं मुँह धोए पापा

जो भी बोलें, मसल सरीखा

हमें सहेजें फ़सल सरीखा

हममें धीरे-धीरे उगते

बचपन से ही बोए पापा

इधर-उधर करते हैं गमले

रटते वही पुराने इमले

पानी जैसे लहरा करते

सारी आग समोए पापा।

यश मालवीय
About the poet

यश मालवीय

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like