शाख कोई हरी,
पियराई
नींद आनी थी,
नहीं आई
रात बढ़ती ही गई,
बढ़ती गई
सीढियाँ सुनसान की
चढ़ती गई
आँख भरती रही
जमुहाई
ख़्वाब के टूटे हुए से
सिलसिले
कुछ न बोले,
होंठ सिलकर ही मिले
दर्द लेता रहा
अँगड़ाई
बुझी सिगरेट ही लिए
बैठे रहे
फिर न कहना
बोल लाखों के सहे
सिर्फ़ जलती रही
तनहाई








