गाड़ी निकल गई

यश मालवीययश मालवीय18 Sept 1962

1 min read · 12.4K reads

धुआँ छोड़ती हुई, आज फिर

होकर विकल गई

प्लेटफ़ॉर्म पर हुआ उजाला

गाड़ी निकल गई

था वो अँधियारा भी बेहतर

ठहरा, रुका हुआ

बादल जैसे स्टेशन पर

कोई झुका हुआ

कोई आँच मिली, आँखों की

बदली पिघल गई

कितने हाथ, हवा में ही

लहराते हुए दिखे

कौन विदाई की बेला को

देखे और लिखे

थी तारीख़ नई, काई पर

आई, फिसल गई

बनते-ढहते रहे

याद के कितने नए क़िले

सन्नाटे चीरते हुए

संबोधन कटे-छिले

खिड़की पर थी आँख,

कि गाड़ी पटरी बदल गई

यश मालवीय
About the poet

यश मालवीय

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like