रसोईघर ही था मेरा दफ़्तर

Vimal KumarVimal Kumar9 Dec 1960

2 min read · 12.7K reads


रसोई घर ही था मेरा दफ़्तर
सुबह उठ कर
बर्तन धोना
किसी फ़ाईल पर जमी धूल पोछने से अधिक तकलीफ़देह था

सब्ज़ी काटने में उँगलियाँ उसी तरह कट जाती थीं कभी
जिस तरह मेरा बॉस मुझे काट खाने को दौड़ता था ।

इस दफ़्तर में मुझे नहीं थी कोई आज़ादी
खाना भी औरों की पसन्द से बनाना होता था ।
हुक़्म भी चलते थे मुझ पर
डाँट भी पड़ती थी --
आज बहुत तेज़ है नमक दाल में

इस दफ़्तर में धुआँ बहुत था
नहीं था कोई रोशनदान
दिन-रात काम करो
पर नहीं था कोई
इसका कद्रदान

रोज़ आते-जाते
मैं हो गई थी परेशान

रसोईघर ही मेरा दफ़्तर था
जो अल्ल-सुबह खुलता था
तो देर रात बन्द होता था

इसी में जीना था मुझे
इसी में दफ़्न भी होना था,

ये एक ऐसी नौकरी थी
जिसमे मुझे कभी रिटायर नहीं होना था

लेकिन इसमें कोई तनख़्वाह भी नहीं थी मुकरर्र
न कोई नियुक्ति-पत्र
पेंशन में भी
नहीं था नसीब प्रेम
फिर भी धनिए और पराँठे की ख़ुशबू में
याद कर् लेती हूँ तुम्हें

रसोईघर ही मेरा दफ़्तर है
मैं यही मिलती हूँ हर किसी से
पसीने से लथ-पथ ।
गर्मी से परेशान

यही एक झपकी भी ले लेती हूँ
बीच-बीच में कभी-कभी
यहीं एक ख़्वाब भी देख लेती हूँ

इसी रसोई में एक छोटा-सा आसमान भी बनाया है
अपने लिए मैंने
एक कोने में कहीं

उड़ रही हूँ
इसी आसमान पर अब
एक परिन्दे की तरह
चारों तरफ हवा में अपने पंख फैलाए ...

Vimal Kumar
About the poet

Vimal Kumar

विमल कुमार [Vimal Kumar] हिन्दी के प्रसिद्ध कवि है. इनका जन्म 9 दिसम्बर 1960 को बिहार की रजधानी पटना में हुआ. अब तक तीन कविता संग्रह सपने में एक औरत से बातचीत, यह मुखौटा किसका है, और पानी का दुखड़ा, एक कहानी सग्रह कार्लगर्ल और एक उपन्यास प्रकाशित. भारत भूषण अ…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like