आएँगे अमरीका से अच्छे दिन

Vimal KumarVimal Kumar9 Dec 1960

3 min read · 12.7K reads

आएँगे अमरीका से अच्छे दिन
आएँगे
अब जल्द ही आएँगे
अच्छे दिन
सीधे अमरीका से आएँगे
दे दिया गया है आर्डर उनका
पिछले दिनों
दौरे पर
एक कम्पनी बना रही है उन्हें
नई तकनीक से
जल्दी ही आएँगे
अच्छे दिन
जापान से होते हुए
फ़्लाइट से आएँगे
इन्दिरा गान्धी एअरपोर्ट पर
उतारा जाएगा उन्हें

गाजे-बाजे के साथ
आएँगे अच्छे दिन
कार्टन में भर-भर कर
ऊपर लगी होगी पन्नी रँग-बिरँगी
गुलाबी फीता भी लगा होगा
शानदार पैकेजिंग में आएँगे
इम्पोर्ट होकर आएँगे
अच्छे दिन
जब एक्सपोर्ट होगी हमारी संस्कृति
तो आएँगे अच्छे दिन
एक दिन ज़रूर
फिर क्या तुम्हें नौकरी मिलेगी
एक बँगला भी मिलेगा
वाई-फ़ाई युक्त जीवन होगा

आएँगे अच्छे दिन
अगर विमान में होती जगह
तो उनके साथ ही आ जाते
लेकिन अब तुम्हारे घर
कुरियर से आएँगे
घर पर रहना आज तुम
घण्टी बजेगी
और एक आदमी तुम्हें करेगा डिलीवर

फिर क्या
बदल जाएगा तुम्हारा जीवन
न्याय ही न्याय होगा
ख़त्म हो जाएँगे अपराध
ग़रीबी मिट जाएगी
दाख़िले में कोई दिक्क़त नहीं होगी
इलाज़ भी हो जाएगा मुफ़्त
बिजली रहेगी दिन-रात
पानी भी चौबीस घण्टे

आएँगे अच्छे दिन
भले ही तुम इन्तज़ार करते-करते मर जाओगे
अदालत का चक्कर लगाते-लगाते बूढ़े हो जाओगे
नौकरी की खोज में बन जाओगे नक्सली
मुसलमान हो तो आतँकवादी कहलाओगे

रोटी के लिए चोरी करना भी सीख जाओगे
पर आएँगे अच्छे दिन
एक दिन याद रखना
बस कम्युनिस्टों की तरह आलोचना करना बन्द कर दो
हर अच्छी शुरुआत की

आएँगे अच्छे दिन
पर सबसे पहले
अख़बार में उसका इश्तहार आएगा
टी० वी० पर होगी उसकी ब्रेकिंग न्यूज़
रात आठ बजे
टक्कर में होगी उस पर एक बड़ी बहस

फिर तुम नहीं कहना
कि अच्छे दिन नहीं आए आजतक
और वो तो सिर्फ़ एक जुमला-भर था
अच्छे दिन इस तरह आएँगे
कि तुम देखते रह जाओगे
और उन्हें ढूँढ़ भी नहीं पाओगे
अछे दिनों के साथ
एक सेल्फ़ी खींचने के लिए, बस, तरस जाओगे

 

Vimal Kumar
About the poet

Vimal Kumar

विमल कुमार [Vimal Kumar] हिन्दी के प्रसिद्ध कवि है. इनका जन्म 9 दिसम्बर 1960 को बिहार की रजधानी पटना में हुआ. अब तक तीन कविता संग्रह सपने में एक औरत से बातचीत, यह मुखौटा किसका है, और पानी का दुखड़ा, एक कहानी सग्रह कार्लगर्ल और एक उपन्यास प्रकाशित. भारत भूषण अ…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like