दँगा -तीन कविताएँ

Vimal KumarVimal Kumar9 Dec 1960

3 min read · 12.9K reads


एक

एक दिन मैं भी मार दिया जाऊँगा किसी दँगे में

फिर बीस साल बाद ये कहा जाएगा
कि मैं मारा नहीं गया हूँ दँगे में
जैसे भूख से मरने पर
कभी नहीं कहता है जिलाधीश
कि एक आदमी की मृत्यु हुई है
क्योंकि वह भूखा था कई दिनों से

इसलिए जब आएँगे दँगाई मुझे मारने मेरे घर
तो मैं सबसे पहले उनसे यही करूँगा विनती
कि मेरी जान ले लो
पर इसका सबूत ज़रूर देकर जाना तुम
कि मैं दँगे में तुम्हारे हाथो ही मारा गया हूँ
क्योंकि अदालत को दरकार होती है इन चीज़ों की
मेरे मरने की तुम सबूत के एवज़ में
मेरे बच्चे की भी तुम जान ले सकते हो

अब मैं मारे जाने के बाद
इकट्ठा कर रहा हूँ ख़ुद ही सबूत
सबूतों को इकठ्ठा करने में भी
मैं मर गया था

जज साहब
अगर मैं दे सका कोई सबूत
आप यक़ीन तो करेंगे मुझ पर
कि मैं मारा गया हूँ दँगे में ही

अगर आपको फिर भी लगता है
कि मैं मारा नहीं गया हूँ
तो मेरा चेहरा देखिए
क्या किसी ज़िन्दा आदमी का चेहरा
ऐसा ही दीखता है आपको ?

दो

क़ातिलों के कई घर हैं यहाँ
पर यहाँ कोई क़ातिल नहीं है .

क़ातिलों की बस्ती में भी अब कितनी रौशनी है
रौनक भी है उनकी महफ़िल में आजकल

पर तुम देख नहीं सकते किसी क़ातिल को
क़ातिलों को कभी पकड़ भी नहीं सकते हो

क़ातिल अब क़ातिल नहीं रहे
उन्हें तुम क़ातिल भी नहीं कह सकते हो ।

तीन

मेरे पास अब किसी चीज़ का कोई सबूत नहीं बचा है
बाढ़ में डूबा था मैं एक बार
तो उसका भी कोई सबूत नहीं है मेरे पास
आग जब लगाई गई थी मेरे घर में
तो उसका सबूत भी कहाँ जुटा पाया था मैं
बिना सबूत के मैं नहीं कह सकता
कि मेरी बहन के साथ बलात्कार हुआ ही था
तुम्हारे सामने ही हुए थे ये सारे हादसे मेरी ज़िन्दगी के
फिर भी तुम माँगते हो मुझसे सबूत
मैं भले ही हार जाऊँ हर बार अपना मुक़दमा
पर कम से कम इस बात का सबूत है
कि तुम्हारी तरह मैं कभी बिका नहीं था
पर तुम्हारे पास ढेर सारे सबूत होने के बाद भी
इस बात का सबूत नहीं है
कि तुम्हारे भीतर बचा है अभी भी एक आदमी

 

Vimal Kumar
About the poet

Vimal Kumar

विमल कुमार [Vimal Kumar] हिन्दी के प्रसिद्ध कवि है. इनका जन्म 9 दिसम्बर 1960 को बिहार की रजधानी पटना में हुआ. अब तक तीन कविता संग्रह सपने में एक औरत से बातचीत, यह मुखौटा किसका है, और पानी का दुखड़ा, एक कहानी सग्रह कार्लगर्ल और एक उपन्यास प्रकाशित. भारत भूषण अ…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानामहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होमहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होआँखों से बहने दीजिए पानी ही क्यूँ न हो— मुनव्वर रानानानी का चश्माआसमान में टिम टिमाती नानी हँसती होंगी हमारे बचपने पर।हाँ!— फ़रीद ख़ाँमाफ़ीसबसे पहले मैं माफ़ी माँगता हूँ हज़रत हौव्वा से।मैंने ही अफ़वाह उड़ाई थी कि उस ने आदम को बहकाया था— फ़रीद ख़ाँ