प्रेम केवल आलिंगन नहीं है

Vimal KumarVimal Kumar9 Dec 1960

2 min read · 12.6K reads


प्रेम केवल आलिंगन नहीं है
चुम्बन नहीं हैं वह केवल
ये कहना भी प्रेम नहीं है
कि मैं तुमसे करता हूँ प्रेम

प्रेम तो सिर्फ़ एक स्मृति है
जो उस थोड़ी झुकी हुई बेंच के रूप में है दर्ज
हमारे भीतर
जहाँ कही बैठे थे हम
उन सीढ़ियों की स्मृति के रूप में
जहाँ कहीं बैठकर हमने पी थी चाय कभी
अपने अपने दुःख के बारे में बातें की थी
अपने अपने सुख को भी साझीदार बनाया था

अगर तुम्हे उस प्रेम को फिर से पाना है कहीं
तो जाओ उस बेंच के पास जाओ
जाओ उस घास के पास
उन सीढ़ियों के पास
उस मेज़ और कुर्सी के पास
उस फूल के पास जाओ
जिसे तोड़कर लगाया था कभी तुम्हारे बालों में

कहो -- मैं फिर आया हूँ इस बार निपट अकेला

प्रेम केवल स्मृति में नहीं है
वो तो एक दर्द में है जो टीसता है कभी-कभी

प्रेम अगर कहीं जीवित है
तो एक ख़्वाब में है
तमाम नश्वर चीज़ों के बीच

प्रेम दरअसल अमरता में है
किसी तरह की क्षणभंगुरता में नहीं .

Vimal Kumar
About the poet

Vimal Kumar

विमल कुमार [Vimal Kumar] हिन्दी के प्रसिद्ध कवि है. इनका जन्म 9 दिसम्बर 1960 को बिहार की रजधानी पटना में हुआ. अब तक तीन कविता संग्रह सपने में एक औरत से बातचीत, यह मुखौटा किसका है, और पानी का दुखड़ा, एक कहानी सग्रह कार्लगर्ल और एक उपन्यास प्रकाशित. भारत भूषण अ…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like