एक जलते हुए शहर की यात्रा

Vimal KumarVimal Kumar9 Dec 1960

2 min read · 12.7K reads


इस जलते हुए और शीशे की तरह रोज़ थोड़ा पिघलते हुए
इस मरते हुए और मरने से पहले थोड़ा पानी माँगते हुए शहर में
आपका स्वागत है।

किस तरह नुचे हैं तितलियों के पंख यहाँ
किस क़दर कुचली गई है घास पार्कों में
किस तरह ढहाई गई है दीवार
किस क़दर लगाई गई है आग
लूटा गया है यहाँ किस तरह सबका विश्वास
चीख़ते हुए पेड़ों और रोती हुई नदियों वाले शहर में
आपका स्वागत है।

कितनी अच्छी बात है
आप टूटे हुए सपने देखने आए हैं
मासूम बच्चों के आँसू पोंछने आए हैं
विलाप करती स्त्रियों को चुप कराने आए हैं
इस कत्लगाह में लाशों पर फूल खिलाने आए हैं
कौन आता था इस शहर में अब तक
कोई भी तो नहीं
कोई सैलानी
कोई फ़कीर
यही क्या कम है कि आप कम से कम राख के ढेर देखेंगे
उठती हुई लपटें और चिंगारियाँ देखेंगे
बेजुबान गलियों और घायल सड़कों की खामोशियाँ देखेंगे
मण्डराते गिद्धों और मकानों पर बैठी चीलों वाले शहर में
आपका स्वागत है।

इस आधुनिक समय में
आप गहरी असुरक्षा और अनिश्चित भविष्य देखने आए हैं
क्योंकि यह सब भी अब देखने की चीज़ें हो गए हैं
सीने के अन्दर गहरे ज़ख्मों
और ज़ख्मों पर छिड़़के नमक देखने आए हैं
हमें मालूम है आप किसी की आँखों में चमक देखने आए हैं
आपका स्वागत है।

 

Vimal Kumar
About the poet

Vimal Kumar

विमल कुमार [Vimal Kumar] हिन्दी के प्रसिद्ध कवि है. इनका जन्म 9 दिसम्बर 1960 को बिहार की रजधानी पटना में हुआ. अब तक तीन कविता संग्रह सपने में एक औरत से बातचीत, यह मुखौटा किसका है, और पानी का दुखड़ा, एक कहानी सग्रह कार्लगर्ल और एक उपन्यास प्रकाशित. भारत भूषण अ…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like