कि टुकड़ों में है दुनिया

उत्कर्षउत्कर्ष1 Sept 1995

2 min read · 12.4K reads

बिसेसर आदमी ज़ात का है

और इतनी ही है उसकी दुनिया

कि हर फ़सल पकने पर

उसकी नियति कर लेती है आत्महत्या

टुकड़ों में बँटी दुनिया में से

मिला उसे ख़ाली उजाड़ खेत

जो हर साल बरसात में माथे भर जल में

डूब जाता है भीतर तक।

दुनिया उसके दुख का उपाय न ढूँढ़ सकी

ऐसा न हो सका कि मुआवज़े की जगह

बारह जने रातों-रात उछाह आए

उसके खेत से सारा पानी या भर दें इतनी मिट्टी

कि उसे समतल ज़मीन मिल जाए।

उस दुनिया में मिट्टी की कमी न थी

कमी न थी न ही कोड़ने वाले की

और दृश्य अभी तक वहीं है स्थित

निचली सतह थोड़ी और है नीचे

ऊपरी सतह पिछली बरसात में

थोड़ी और ऊँची कर दी गई है

दुनिया अब भी पसरी हुई है

छोटे-छोटे इतने टुकड़ों में…

समतल भूमि एक स्थापित भ्रम है।

बिसेसर के घर चलें हम पाँच-सात

उसके घर जीम लें समय का अदहन

उतार लें हलक़ में साग-भात

उसकी टूटी छत को मढ़ आएँ पुआल से

देख आएँ उसकी मुस्कान से फूटती उजास को

जान आएँ आदमी की ज़ात

सब ज़ात का भ्रम अलाव में फूँक-ताप कर

बिसेसर रोज़ फाँकता है चना-गुड़

चबाता है नए धान का चूड़ा

कभी चलें हम इकट्ठे जने पाँच-सात

थोड़ा-थोड़ा आदमी हों आएँ।

उसके गाँव में हर जाड़े गाती है सरसों

हर साल ख़ुशहाल फ़सल का गीत

उसके गाँव से कई कोस दूर शहर में है नदी

जिसमें शहर छोड़ देता है अपनी मलिनता

हर दिन बिना नागा किए

गाँव की नहर में अभी तक मलिन नहीं दीखता है चेहरा

हर साल गाँव में चूता है महुआ पेड़ से

हर साल बिसेसर बीनता है कुछ महुआ

जो सड़क पर गिरा

कुछ जो किनारे निचले बाहे की गोद में।

भाई बिसेसर! तुम ले आते हो मुझे

उस बड़े से बड़ के पेड़ के पास

हर बार

और हर बार

मैं जड़ों से पूछता हूँ सवाल

कि दुनिया अभी तक

इतनी उखड़ी-बिखरी क्यों है

क्या नहीं हैं इस दुनिया में और

बहुत और मेहनतकश कंधे जो

हर दिन बना दें दुनिया को थोड़ा बराबर कल से

थोड़ा जुड़ जाए अधिक कल से

दुनिया का छिटका हुआ छोटा-छोटा हिस्सा।

हम क्या हो पाए

अगर थोड़ा आदमी न हो पाए

कि जब कल वक़्त पूछे हमसे ये सवाल

कि क्या हम थे उस वारदात के वक़्त

हम स्वतः न चले जाएँ मूक मुद्रा में

कह सके कि आदमी जब आदमी न था

मूकदर्शक भी न थे आदमी के खोल में!

कह सकें हम सो रहे थे

हम जाग रहे थे

रात-दिन की मर्यादा भूल कर।

उत्कर्ष
About the poet

उत्कर्ष

नई पीढ़ी के कवि। गद्य-लेखन और फ़ोटोग्राफ़ी में भी सक्रिय। मूल नाम : उत्कर्ष जन्म : 01/09/1995 | पटना, बिहार

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्य