घर घर गायन कौन करेगा - उर्मिलेश

उर्मिलेशउर्मिलेश6 Sept 1951 – 16 Sept 2005

4 min read · 12.4K reads

मैं यदि मिथ्या आरोपों से
डर कर आत्मसमर्पण कर लूं
तो फिर मेरे लोकगीत का
घर घर गायन कौन करेगा?

मेरा गीत नहीं है ऐसा
जिसकी तुम सब करो समीक्षा
पहले खुद को देखो फिर तुम
लेना मेरी अग्नि परीक्षा
मेरी सृजनशीलता देखो
सीता-सी है पतित पावनी
इसका अपने अप्तर्मठ से
फिर निष्कासन कौन करेगा?

मेरा है यह दोष कि मैंने
मौलिकता कि बाँह गही है
जो भी मेरे मन में आई
खुलेआम वह बात कही है
मैं ही अगर झूठ बोलूंगा
कठिन परिस्थितियों से डरकर
मेरी वरदानी वाणी को
फिर अभिवादन कौन करेगा?

उन फूलों को कौन पूछता
जिन में बसी सुगंध नहीं है
जिनके पास गन्ध है उस पर
कोई भी प्रतिबंध नहीं है
गति अवरोधक बनकर मेरी
राहें तुम क्या रोक सकोगे
मैंने चलना छोड़ दिया तो
राह सुहागन कौन करेगा?
उर्मिलेश
About the poet

उर्मिलेश

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like