बेवजह दिल पे कोई - उर्मिलेश

उर्मिलेशउर्मिलेश6 Sept 1951 – 16 Sept 2005

3 min read · 12.4K reads

बेवजह दिल पे कोई बोझ न भारी रखिये
ज़िन्दगी जंग है इस जंग को जारी रखिये

अब कलम से न लिखा जाएगा इस दौर का हाल
अब तो हाथों में कोई तेज कटारी रखिये

कितने दिन ज़िन्दा रहे इसको न गिनिये साहिब
किस तरह ज़िन्दा रहे इसकी शुमारी रखिये

उसकी पूजा कहीं ईश्वर को न कर दे बदनाम
अब तो मंदिर में कोई और पुजारी रखिये

आपको आपसे बढ कर जो बताएं हरदम
ऐसे लोगों से ज़रा दूर की यारी रखिये

ज़िन्दगी भर के लिए हम न कहेंगे तुमसे
आज,बस आज ज़रा बात हमारी रखिये
.
उर्मिलेश
About the poet

उर्मिलेश

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like