रंग भरना कभी ख़ाकों में कहानी लिखना
दास्ताँ ग़म की कोई याद पुरानी लिखना
देखना जो भी समो देना उसे लफ़्ज़ों में
कभी औरों की कभी अपनी कहानी लिखना
खोलना जब कभी गुज़रे हुए लम्हों के किवाड़
सुब्ह अरमान-भरी शाम सुहानी लिखना
पहले रख देना चराग़ों को सर-ए-राह-गुज़र
फिर किसी भटके मुसाफ़िर की कहानी लिखना
कभी रिम-झिम कभी ख़ुशबू तो कभी बाद-ए-नसीम
उस के लहजे को बहारों की जवानी लिखना
याद में उस की जो तकिए को भिगो देते हैं
उन को मोती ही नहीं ला’ल-ए-यमानी लिखना
दर्द और प्यार में क्या रिश्ता है इस को भी कभी
दे जो मोहलत तुम्हें अश्कों की रवानी लिखना
चंद अश'आर से क्या होगी तसल्ली 'तसनीम'
लिखने बैठी हो तो अब सारी कहानी लिखना








