बाग़ में फूलों को रौंद आई सवारी आप की

तअशशुक़ लखनवीतअशशुक़ लखनवी11 Mar 1824 – 12 Apr 1892

1 min read · 12.4K reads

बाग़ में फूलों को रौंद आई सवारी आप की

किस क़दर मम्नून है बाद-ए-बहारी आप की

बेवफ़ाई आप की ग़फ़लत-शिआरी आप की

मेरे दिल ने आदतें सीखी हैं सारी आप की

है यक़ीं बाहम गले मिलने को उट्ठें दस्त-ए-शौक़

हो अगर तस्वीर भी यकजा हमारी आप की

मय-कदे में टूटे जाते हैं बहम लड़ लड़ के जाम

मुफ़सिदा-पर्दाज़ है चश्म-ए-ख़ुमारी आप की

जज़्ब इसे कहते हैं आए कहने मेरी क़ब्र तक

अब यहाँ से बढ़ नहीं सकती सवारी आप की

करती हैं अंधेर हाथों की ये काली मैलियाँ

क़ातिल-ए-आलम हुई है सोगवारी आप की

जा-ब-जा होते हैं दामन-गीर दिल उश्शाक़ के

हर क़दम पर आज रुकती है सवारी आप की

याद-ए-अय्यामे कि था ज़ोरों पे जज़्ब-ए-हुस्न-ओ-इश्क़

वो मिरे दिल का तड़पना बे-क़रारी आप की

है शब-ए-महताब गोरे रंग से कपड़े सियाह

हुस्न को चमका रही है सोगवारी आप की

दो तरह के एक साग़र में लबालब है शराब

ख़्वाब-आलूदा नहीं चश्म-ए-ख़ुमारी आप की

मेरे लाशे को लिए फिरते हैं उन राहों में लोग

जिन गली-कूचों में फिरती थी सवारी आप की

आज किस पर रहम आया किस को रोए हैं हुज़ूर

है नसीब-ए-दुश्मनाँ आवाज़ भारी आप की

अहद में मजनूँ के लैला का रहा क्या दौर दौर

अब 'तअश्शुक़' के ज़माने में है बारी आप की

तअशशुक़ लखनवी
About the poet

तअशशुक़ लखनवी

उपनाम : 'तअशशुक़ लखनवी' मूल नाम : सय्यद मीरजा़ उर्फ़ सय्यद साहब जन्म : 11 Mar 1824 | लखनऊ, उत्तर प्रदेश निधन : 12 Apr 1892 | लखनऊ, उत्तर प्रदेश संबंधी : रशीद लखनवी (Nephew) तअ’श्शुक़ लखनवी, सय्यद मीरजा़ उर्फ़ सय्यद साहब(1824-1892)मर्सिये के सबसे बड़े शाइ’र मीर…

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like