लाई हयात आए क़ज़ा ले चली चले

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़शेख़ इब्राहीम ज़ौक़1 Aug 1790 – 1 Nov 1854

1 min read · 12.4K reads

लाई हयात आए क़ज़ा ले चली चले

अपनी ख़ुशी न आए न अपनी ख़ुशी चले

हो उम्र-ए-ख़िज़्र भी तो हो मालूम वक़्त-ए-मर्ग

हम क्या रहे यहाँ अभी आए अभी चले

हम से भी इस बिसात पे कम होंगे बद-क़िमार

जो चाल हम चले सो निहायत बुरी चले

बेहतर तो है यही कि न दुनिया से दिल लगे

पर क्या करें जो काम न बे-दिल-लगी चले

लैला का नाक़ा दश्त में तासीर-ए-इश्क़ से

सुन कर फ़ुग़ान-ए-क़ैस बजा-ए-हुदी चले

नाज़ाँ न हो ख़िरद पे जो होना है हो वही

दानिश तिरी न कुछ मिरी दानिश-वरी चले

दुनिया ने किस का राह-ए-फ़ना में दिया है साथ

तुम भी चले चलो यूँही जब तक चली चले

जाते हवा-ए-शौक़ में हैं इस चमन से 'ज़ौक़'

अपनी बला से बाद-ए-सबा अब कभी चले

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़
About the poet

शेख़ इब्राहीम ज़ौक़

उपनाम : 'ज़ौक़' मूल नाम : शेख़ मोहम्मद इब्राहीम जन्म : 01 Aug 1790 निधन : 01 Nov 1854 संबंधी : ज़हीर देहलवी (शिष्य), मोहम्मद हुसैन आज़ाद (शिष्य), अनवर देहलवी (शिष्य) उर्दू ज़बान और मुहावरे पर ज़बरदस्त गिरफ़्त रखने वाले शायर और नस्र (गद्य) में मुहम्मद हसन आज़ाद और…

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like