एक तस्वीर में पिन्हाँ कई तस्वीरें हैं
ख़्वाब तो एक है और सैकड़ों ता'बीरें हैं
लब पे शीरीं सुख़नी म्यान में शमशीरें हैं
यार की सुल्ह में भी जंग की तदबीरें हैं
इश्क़ की बंदगियाँ रखती हैं अंदाज़ नए
इन नमाज़ों में अज़ानें हैं न तक्बीरें हैं
वस्ल से है कोई महरूम कोई दीद से भी
मिलती जलती हुई उश्शाक़ की तक़दीरें हैं
हम हुए तुम हुए साक़ी हुआ पैमाना हुआ
शब की महफ़िल में इन्हीं चारों की तनवीरें हैं
हल्का-ए-दाम-ए-अलाएक़ हो कि फ़िक्र-ए-नामूस
पा-ए-आज़ादी-ए-इंसाँ की ये ज़ंजीरें हैं
मुख़्तलिफ़ जज़्बों के हैं आइना-ए-दिल पे नुक़ूश
इक मुरक़्क़ा है कि हर रंग की तस्वीरें हैं
रंग फूलों का ज़िया चाँद की हूरों का जमाल
ये सब उस मुसहफ़-ए-रुख़्सार की तफ़्सीरें हैं
शायरी का मुझे दा'वा नहीं 'साक़िब' फिर भी
मेरे अशआ'र में जज़्बात की तस्वीरें हैं








