बरसा है अश्कों का सावन भी दिल की अँगनाई में
फूल खिले हैं ग़म के कितने आज मिरी तन्हाई में
शाख़ लचकना ग़ुंचे हँसना पंछी गाना भूल गए
शामिल है जो दर्द तुम्हारा यादों की पुर्वाई में
सौदा हम ने अपने जुनूँ का नहीं किया ऐ अहल-ए-होश
की है ख़ाक मिटा कर हस्ती ख़ुद हम ने रुस्वाई में
देखो साथ न छूटे अपना वर्ना हम को ख़ौफ़ है ये
बन जाएँगे नग़्मे मातम मौसम की शहनाई में
बाँहों में आकाश भरा है धरती पाँव से लिपटी है
क़ैद हैं दोनों आलम उस की कैफ़ भरी अंगड़ाई में
शोख़ी मस्ती ख़ुशबू रंगत नाज़ तबस्सुम और लचक
रूप नज़र आए हैं कितने 'राग' गुल-ए-सहराई में








