नहीं रहना चाहता वहाँ
जहाँ मस्तिष्क हो जाता है संवेदन-शून्य
रोशनी का अर्थ, अँधेरा होता है
चलने का अर्थ जड़ हो जाना है
मस्तिष्क चाहता है वह उर्वरता
जिसमें हो खाद पानी हवा में समन्वय
जिसमें जन्म ले सकें वे विचार
जो चल सकें आदमी के साथ
रह सकें ज़मीन पर
नहीं रहना चाहता वहाँ
जहाँ मिट्टी का अर्थ अनर्थ है
मिथ्या बताई जाती है यह देह
पुनर्जन्म के मुग़ालते में
गँवाना पड़ता है यह जन्म भी
मुझे प्रिय है
शब्दों की वह दुनिया
जिसकी संवेदना समझती है
देह की अमूर्त-भाषा
जिसकी जिह्वा से प्रकट होते हैं वाक्-अर्थ
जिसके हाथ करते हैं शब्द सृजन
जो अपने एकांत में रचती है
हाड़-मांस का एक ठोस संसार
मैं रहना चाहता हूँ यहाँ।








