झमाझम बारिश में
अनवरत भीगने के बाद भी
तुम्हारे चेहरे पर दिखती नहीं कोई दीप्ति
चाहे कितना भी तेज़ हो उगता हुआ सूरज
दुनिया की इस भीड़ में
अँधेरे का उत्स हो तुम!
कि जन्म लेते ही होना चाहतीं तुम विस्तृत
चाहतीं तुम करना वरण मृत्यु का
चाहतीं तुम पुनर्जन्म
आसान नहीं है
जुदा कर पाना
तुम्हें
तुम्हारे अस्तित्व से
तुम्हारी अस्मिता से
तुम्हारे रहते ही
जीवन में
लगातार घुलता और
गहराता जा रहा है अवसाद
बीतते समय के साथ
बढ़ती ही जाती है तुम्हारी आयु
बेज़बान हो तुम
फिर भी सबसे अलग
सुनी जा सकती है तुम्हारी दहाड़!








