रोटी की ज़रूरत है
किसी एक की नहीं
हर एक की ज़रूरत है रोटी
यह दिखाई दे रहा है साफ़-साफ़।
रोटी की महक पहुँच रही है
बहुत दूर-दूर तक
लोग पहुँच रहे हैं दूर-दूर से रोटी के पास
अन्न का प्रभाव है यह।
घर की ज़रूरत है
किसी एक की नहीं
हर एक की ज़रूरत है घर
घर पहुँच रहा है आदमी के पास।
कहीं भी बाहर से लोग
पहुँच रहे हैं घर
माटी की सुगंध का प्रभाव है यह।
लक्ष्य तक पहुँचने की ज़रूरत है
किसी एक की नहीं
हर एक की ज़रूरत है लक्ष्य
कहीं भी भटकने से बेहतर है
कि पहुँचे लक्ष्य तक।
निरंतर चलते रहने से
बहुत क़रीब आ गया है लक्ष्य
आदमी पहुँच रहा है लक्ष्य के पास
साहस का प्रभाव है यह।








