जब मैं ज़िंदगी से बाहर था

ऋतु कुमार ऋतुऋतु कुमार ऋतु29 Mar 1970 – 14 Aug 2010

1 min read · 12.4K reads

जब मैं ज़िंदगी से बाहर था

अनजान था ज़िंदगी की ज़रूरतों और उनके ख़तरों से

और आज जब हूँ ज़िंदगी के भीतर

देखता हूँ अतीत को

और सोचता हूँ भविष्य के बारे में।

मुझे अचरज होता है

उन बादलों पर

जो गुज़रते हैं आकाश से

और दिन ढल जाने पर

रात के हमले के बावजूद आँसू बहाए बग़ैर

गुज़र जाते हैं बे-ख़ौफ़ होकर।

ज़िंदगी में संघर्ष से

मिला मुझे सबक़, और

सफल हुआ मैं अपने उद्देश्य में

किया मैंने जरा-मृत्यु से रहित

स्मृतियों और इच्छाओं का आविष्कार।

इन्हीं स्मृतियों और इच्छाओं से

प्रकट हुई आशातीत जिजीविषा

इसी जिजीविषा के चलते

बचा है मनुष्य

बचा है संसार

और इसी जिजीविषा की परिणति है कि

भविष्य की योजनाएँ हमारी

साकार हो रही हैं वर्तमान में सारी।

ऋतु कुमार ऋतु
About the poet

ऋतु कुमार ऋतु

बीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में उभरे कवि। कम आयु में दिवंगत। उपनाम : 'रामलखन यादव' जन्म : 29/03/1970 | हरदोई, उत्तर प्रदेश निधन : 14/08/2010 | दिल्ली, दिल्ली

View profile & all 39 Poems / Stories